2027 विजय के संकल्प के साथ रामपुर में गरजे नवाब सिंह नागर, कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र”
रिपोर्ट: रफीउल्लाह खान, ब्यूरो चीफ — रामपुर
जन जन की आवाज न्यूज़ 24
भाजपा पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर एवं क्षेत्रीय महामंत्री संजीव गोयल सिक्का के प्रथम रामपुर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत एवं भव्य अभिनंदन किया। संत रविदास गेस्ट हाउस से भाजपा जिला कार्यालय तक जगह-जगह पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और नारों के साथ दोनों नेताओं का स्वागत किया गया।
जिला कार्यालय पहुंचने के बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष ने संगठन की विभिन्न बैठकों में सहभागिता कर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर शिक्षक विधायक एवं प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों के साथ जिला संयोजक और विधानसभा संयोजकों की बैठक में चुनावी तैयारियों एवं आगामी रणनीति पर चर्चा हुई।
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवा कार्यकाल के उपलक्ष्य में चल रहे अभियानों की समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय, जनता से निरंतर संवाद तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए नवाब सिंह नागर ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है और संगठन की मजबूती ही चुनावी विजय का आधार बनेगी। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का मंत्र दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय महामंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से रामपुर संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। जिला प्रभारी राजा वर्मा ने कार्यक्रम के समापन पर सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
दोनों वरिष्ठ पदाधिकारियों के आत्मीय व्यवहार से कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, नगर विधायक आकाश सक्सेना, राजबाला, पूर्व सांसद घनश्याम सिंह लोधी, पूर्व विधायक ज्वाला प्रसाद गंगवार सहित बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट: रफीउल्लाह खान, ब्यूरो चीफ — रामपुर
जन जन की आवाज न्यूज़ 24




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें